
जैथरा के परौली सुहागपुर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, एक मृतक की पहचान, महिला की शिनाख्त के प्रयास जारी
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार को परौली सुहागपुर गांव के पास रोडवेज बस और सवारियों से भरे ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही जैथरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत वाले घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में कासगंज जिले के पटियाली निवासी गुलफान पुत्र दीवारी लाल की पहचान हो गई है। वहीं, दूसरी मृतक एक महिला है, जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल पर जुटे साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी कर रही है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। इनमें एक मृतक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है।
Leave a Reply