पीआरवी कर्मियों ने दिखाई सूझबूझ और साहस, कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ा; एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

एटा। खाकी का फर्ज केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की जान बचाना भी है। एटा में पीआरवी कर्मियों ने इसका उदाहरण पेश करते हुए प्राथमिक विद्यालय में घुसे कोबरा सांप का सफल रेस्क्यू किया। पुलिसकर्मियों ने पहले विद्यालय में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और इसके बाद सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। पुलिसकर्मियों के इस साहस और सूझबूझ की विद्यालय स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।

मामला नौ सितंबर का है। थाना मारहरा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पिवारी रोड, हजरतनगर गढ़ी में सांप निकलने की सूचना पीआरवी-6837 को मिली थी। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। विद्यालय के एक कमरे में उन्होंने एक कोबरा सांप बैठा देखा। सांप को देखकर विद्यालय में मौजूद बच्चों और स्टाफ में दहशत फैल गई।

पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने सबसे पहले विद्यालय के सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सांप को पकड़ने के लिए रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम के पहुंचने में विलंब होता देख पीआरवी-7232 पर तैनात कमांडर आरक्षी राजू सिंह को मौके पर बुलाया गया। पुलिस के अनुसार राजू सिंह को सांप पकड़ने का अनुभव था।

सूझबूझ से कोबरा का किया रेस्क्यू

मौके पर पहुंचे कमांडर आरक्षी राजू सिंह ने सावधानी और सूझबूझ का परिचय देते हुए कोबरा सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। सांप को सुरक्षित तरीके से डिब्बे में बंद किया गया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया। इस दौरान किसी बच्चे या विद्यालय स्टाफ को कोई नुकसान नहीं हुआ।

पुलिसकर्मियों के इस साहसिक कार्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों और विद्यालय स्टाफ ने उनकी सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने समय रहते बच्चों को सुरक्षित निकालकर बड़ी घटना को टाल दिया।

एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

इस सराहनीय कार्य के लिए 16 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी और अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह ने रेस्क्यू करने वाले पीआरवी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साहस, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संकट के समय आमजन की मदद करना भी है। पीआरवी कर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित निकालकर सराहनीय कार्य किया है।

ये पुलिसकर्मी रहे रेस्क्यू टीम में शामिल

कोबरा के सफल रेस्क्यू में पीआरवी-7232 थाना मारहरा के कमांडर आरक्षी राजू सिंह, पीआरवी-6837 के कमांडर आरक्षी वीरबहादुर, सब-कमांडर आरक्षी राजू गिरि तथा पायलट होमगार्ड चालक जितेंद्र कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।