
जिम का नियमित उपयोग करने के लिए अधिकारियों को किया प्रेरित, बोले- स्वस्थ जीवनशैली के लिए व्यायाम को दिनचर्या में करें शामिल
एटा। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने रविवार को पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्टेडियम पहुंचकर वहां उपलब्ध खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिम और बैडमिंटन कोर्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। डीएम ने जिम की सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ अधिकारियों को नियमित व्यायाम करने के लिए भी प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिम में उपलब्ध उपकरणों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिम ट्रेनर ऋतिक से नियमित संचालन और सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। अधिकारियों को भी अपनी व्यस्त दिनचर्या में से समय निकालकर व्यायाम करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिम में उपलब्ध उपकरणों और संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग फिटनेस गतिविधियों से जुड़ सकें।
बैडमिंटन कोर्ट का जीर्णोद्धार कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्टेडियम स्थित बैडमिंटन कोर्ट का भी निरीक्षण किया। कोर्ट की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक जीर्णोद्धार कराकर इसे सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए, जिससे बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए अच्छा वातावरण मिल सके। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि उन्हें बेहतर संसाधन और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
ऑनलाइन पंजीकरण कर खेल सुविधाओं का ले सकते हैं लाभ
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं का लाभ लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी एवं अन्य व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद वे स्टेडियम की खेल सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने और खेल सुविधाओं का अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्र प्रकाश पाठक, जिला विकास अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त उद्योग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply