महिला वार्ड में मरीजों का जाना हाल, संचारी रोग वार्ड का किया निरीक्षण; चिकित्सकों को बेहतर उपचार और समय से जांच कराने के दिए निर्देश
एटा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस पर शनिवार को जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी ने महिला वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनसे बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से संवाद किया। उन्होंने अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, जांच व्यवस्था और उपचार की गुणवत्ता के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के संचारी रोग वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार की जानकारी ली। चिकित्सकों को निर्देश दिए कि बुखार और अन्य संचारी रोगों के लक्षण वाले मरीजों की आवश्यक जांच तत्काल कराई जाए। जांच रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए, जिससे बीमारी की गंभीरता को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

अनावश्यक रेफर करने पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। किसी भी मरीज को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पताल में रेफर न किया जाए। मरीजों की जरूरत के अनुसार जांच, दवाएं और अन्य चिकित्सीय सुविधाएं मेडिकल कॉलेज में ही समय से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी कर रहीं निगरानी
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और प्रभावी उपचार प्रशासन की प्राथमिकता है। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply