वांछित एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस की कार्रवाई, अलग-अलग गांवों से पकड़े गए चारों आरोपी
एटा। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजा का रामपुर पुलिस ने शनिवार को चार वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा इलामारन जी., अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में वांछित और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष रोहित राठी के नेतृत्व में राजा का रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार वारंटियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक उर्फ चन्द्रवीर पुत्र प्रवीन यादव (38 वर्ष) निवासी असदपुर, जो बीएनएस की धाराओं में दर्ज मुकदमे से संबंधित वारंटी था। दूसरा छब्बीलाल पुत्र पुत्तूलाल यादव (55 वर्ष) निवासी सलेमपुर है, जो वर्ष 2009 के एनसीआर मामले में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर पकड़ा गया। तीसरा ब्रजेश पुत्र नवाब सिंह (45 वर्ष) निवासी नगला मोहन है, जो मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमे में वारंटी था। वहीं चौथा दीपक कुमार पुत्र राजेश कुमार (29 वर्ष) निवासी सिमरई है, जिसके विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी था।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को अभियान के दौरान उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया। थाना स्तर पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर सभी को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रोहित राठी, उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र कुमार गौतम, सुखनन्दन सिंह, हरिश्चन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल सुमित कुमार शर्मा और आदित्यवीर शामिल रहे।
Leave a Reply