भनउ घाट पर पुल से आगे मिला शव, हत्या की आशंका में पहले ही दर्ज हो चुका था अपहरण का मुकदमा; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के ग्राम गलारपुर निवासी 20 अक्टूबर से लापता विमलेश का शव शनिवार को भनउ घाट स्थित काली नदी में पुल से आगे बरामद हुआ। नदी में शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवाकर कब्जे में लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त विमलेश के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया है। विमलेश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गलारपुर निवासी विमलेश 20 अक्टूबर 2026 को अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसकी पत्नी किरण देवी ने 22 अक्टूबर को कोतवाली अलीगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

इसी बीच विमलेश के भाई अजय कुमार पुत्र संतराम सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर गांव जलालपुर निवासी रोहित पुत्र शिवराम और उसके साथियों पर विमलेश को हत्या की नीयत से अपने साथ ले जाने की आशंका जताई थी। तहरीर और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी के मुकदमे को तरमीम करते हुए रोहित पुत्र शिवराम समेत दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस विमलेश की तलाश के साथ ही मामले की जांच में जुटी थी।

शनिवार को भनउ घाट के पास काली नदी के पुल से आगे शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान विमलेश के रूप में की।

शव मिलने के बाद अब पुलिस की जांच और पहले से दर्ज मुकदमे की विवेचना महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि, विमलेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक ने दी जानकारी

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अलीगंज रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि भनउ घाट स्थित काली नदी के पुल से आगे शव मिला है। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेजा गया है। मौके पर क्षेत्राधिकारी अलीगंज सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। थाना स्तर से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।