नयागांव थाना परिसर में देर रात हुई घटना, अधीनस्थ पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप; बेहोशी की हालत में सीएचसी अलीगंज में कराया भर्ती
एटा। जिले के नयागांव थाना परिसर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दरोगा ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। थाने के अंदर हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। साथी पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें देख लिया और आनन-फानन में बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। दरोगा के गले पर फांसी के निशान पाए गए हैं। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
नयागांव थाने में तैनात दरोगा अतर सिंह ने इस घटना के पीछे अपने ही अधीनस्थ पुलिसकर्मी के व्यवहार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि अधीनस्थ पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्रता की थी। इसी बात से क्षुब्ध होकर उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
अधीनस्थ पुलिसकर्मी पर लगाए अभद्रता के आरोप
बताया जा रहा है कि थाने में तैनाती के दौरान दरोगा अतर सिंह और उनके अधीनस्थ पुलिसकर्मी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दरोगा का आरोप है कि अधीनस्थ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे वह काफी आहत और क्षुब्ध थे। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में ही फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाया और अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस विभाग के अंदरूनी कामकाज और पुलिसकर्मियों के बीच आपसी व्यवहार को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
रात ढाई बजे अस्पताल में कराया गया भर्ती
सीएचसी अलीगंज के चिकित्साधिकारी डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे थाना नयागांव पुलिस दरोगा को अस्पताल लेकर पहुंची थी। उस समय वह बेहोशी की हालत में थे। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और सुबह तक उनका इलाज किया। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर हो गई।
सीओ बोले- सूचना मिलते ही शुरू कराई जांच
अलीगंज क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि नयागांव थाना परिसर में एक दरोगा ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। मामले की जांच की जा रही है। दरोगा ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। अधीनस्थ पुलिसकर्मी पर लगाए गए अभद्रता के आरोपों की भी जांच की जाएगी।
Leave a Reply