डीएवी इंटर कॉलेज अलीगंज में दुकानें लगाने में जताई असमर्थता, जैथरा और धुमरी के व्यापारियों ने पुराने स्थानों पर बिक्री की अनुमति मांगी

एटा। दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी और पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाने के लिए प्रशासन की ओर से निर्धारित किए गए बिक्री स्थल को लेकर व्यापारियों में असंतोष है। जैथरा, राजा का रामपुर, धुमरी और सराय अगहत क्षेत्र के पटाखा विक्रेताओं ने निर्धारित स्थल बदलने की मांग उठाई है। मंगलवार को व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी अलीगंज को ज्ञापन सौंपकर डीएवी इंटर कॉलेज मैदान के स्थान पर पूर्व निर्धारित स्थानीय स्थलों पर ही पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति देने की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से इस बार पटाखा बिक्री के लिए डीएवी इंटर कॉलेज मैदान अलीगंज को निर्धारित किया गया है। जबकि जैथरा, धुमरी और आसपास के कई कस्बों से अलीगंज की दूरी करीब 10 से 25 किलोमीटर तक है। ऐसे में छोटे व्यापारियों के लिए इतनी दूर पटाखे ले जाकर दुकानें लगाना और फिर बिक्री करना काफी मुश्किल होगा। इससे न केवल दुकानदारों को आर्थिक और परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, बल्कि स्थानीय ग्राहकों को भी पटाखे खरीदने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।

व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि पहले जैथरा कस्बे के गांधी स्मारक मैदान में दीपावली के अवसर पर पटाखों की दुकानें लगाई जाती थीं। यहां आसपास के गांवों और कस्बों के लोग आसानी से पहुंचकर आतिशबाजी खरीद लेते थे। स्थानीय स्तर पर दुकानें लगने से दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को सुविधा रहती थी। व्यापारियों ने मांग की कि पूर्व की व्यवस्था को बहाल करते हुए गांधी स्मारक मैदान जैथरा में दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए।

व्यापारी अश्वनी ने बताया कि पहले धुमरी कस्बे में भी दीपावली के दौरान पटाखों की करीब 40 से 50 दुकानें सजती थीं। इससे क्षेत्र के लोगों को अपने नजदीक ही पटाखे खरीदने की सुविधा मिल जाती थी, लेकिन इस बार प्रशासन की ओर से वहां दुकानें लगाने से मना कर दिया गया है। धुमरी से अलीगंज की दूरी करीब 25 किलोमीटर होने के कारण स्थानीय दुकानदारों के सामने पटाखों को निर्धारित बिक्री स्थल तक पहुंचाने की समस्या खड़ी हो गई है।

वहीं व्यापारी गोपाल गुप्ता ने कहा कि जैथरा के छोटे दुकानदारों के लिए इतनी दूर अलीगंज तक पटाखे ले जाकर दुकानें लगाना आसान नहीं है। पहले गांधी स्मारक मैदान जैथरा में ही बिक्री की व्यवस्था रहती थी। इस बार डीएवी इंटर कॉलेज अलीगंज में दुकानें लगाने के निर्देश दिए जाने से व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर ही बिक्री स्थल निर्धारित करने की मांग की।

व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी से आग्रह किया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए पटाखा बिक्री स्थल के संबंध में दोबारा विचार किया जाए और जैथरा, धुमरी सहित अन्य कस्बों के व्यापारियों को उनके क्षेत्र में ही दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और क्षेत्रीय ग्राहकों को भी आसानी से आतिशबाजी उपलब्ध हो सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में विनय कुमार, रचित चौहान, मोहित गुप्ता, राजकुमार, रोहित गोस्वामी, जतिन गुप्ता, शिवम कुमार, आशीष कुमार, विपिन किशोर गुप्ता, पिंकू, राजेश कुमार, गोपाल गुप्ता, पवन शाक्य, अमरजीत, रोहिताश कुमार और बहाल मिया सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।