परिसर से लेकर मालखाना, शस्त्रागार और महिला सहायता डेस्क तक जांची व्यवस्था, जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

एटा। क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने बुधवार को थाना रिजोर का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ अभिलेखों, मालखाने, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क और मिशन शक्ति केंद्र समेत विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

क्षेत्राधिकारी ने सबसे पहले थाना परिसर, बैरक और मैस का निरीक्षण किया। इसके बाद मालखाना, शस्त्रागार और हवालात की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यालय और कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण कर अभिलेखों एवं डिजिटल कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

अभिलेखों के रखरखाव पर जोर

निरीक्षण के दौरान आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर, रजिस्टर संख्या-04, रजिस्टर संख्या-08, मिशन शक्ति काउंसलिंग रजिस्टर और कार्य वितरण रजिस्टर समेत विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने और उनमें आवश्यक प्रविष्टियां समय से दर्ज करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए।

महिला सहायता डेस्क और मिशन शक्ति की भी जांच

सीओ ने महिला सहायता डेस्क का निरीक्षण करते हुए वहां आने वाली शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मिशन शक्ति केंद्र और मिशन शक्ति काउंसलिंग रजिस्टर की भी जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने मिशन शक्ति के तहत संचालित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी योजनाओं एवं हेल्पलाइन की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर और शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था को भी देखा गया। क्षेत्राधिकारी ने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में साफ-सफाई के साथ कर्मचारियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी उचित रखरखाव किया जाए।

सीओ सकीट ने निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।