एटा। जनपद एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र में शनिवार देर रात कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नगला मड़ैया के समीप सोरों जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर का अगले पहिये का एक्सेल अचानक टूट गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पीछे से आ रही कैंटर से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार छह लोग घायल हुए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु की उपचार के लिए सैफई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे थाना कुरावली (जनपद मैनपुरी) के किशनपुर गांव के श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोरों शूकरक्षेत्र गंगाजल लेने जा रहे थे। नगला मड़ैया के पास अचानक ट्रैक्टर के अगले पहिये का एक्सेल टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर लहराने लगा और पीछे से आ रही कैंटर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे श्रद्धालु इधर-उधर गिर पड़े और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालने में मदद की। सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज, एटा पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार हादसे में मुश्कान पुत्री राजू, संध्या पुत्री ललित, निशा पुत्री ब्रजेश, गीतम, रघुवीर और सत्यपाल घायल हुए। इनमें से तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि दो का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल सत्यपाल को चिकित्सकों ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में सत्यपाल की 15 वर्षीय पुत्री रागिनी के भी घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शी विकास, जो ट्रैक्टर पर सवार था, ने बताया कि सभी श्रद्धालु मैनपुरी से सोरों कांवड़ लेने जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर के अगले पहिये का एक्सेल टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर कंटेनर (कैंटर) से टकरा गया। हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply