राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

एटा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद एटा में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश सरकार में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए अमर शहीदों और बलिदानियों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने वीर नारियों और कारगिल युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिक को सम्मानित किया तथा युवाओं से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मेडिकल कॉलेज से तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने सबसे पहले मारहरा रोड स्थित रानी अवंती बाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सस्वर गायन हुआ और मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में राष्ट्रगान का सामूहिक गायन भी किया गया।

इस अवसर पर मंत्री ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों तथा उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

वीर नारियों और कारगिल योद्धा का हुआ सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री ने वीर नारियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली वीर नारियों में शहीद सैनिक राम सिंह की पत्नी ज्ञानवती, शहीद राजेश कुमार की पत्नी श्वेता यादव, शहीद सिग्नलमैन होमेश प्रताप सिंह की पत्नी राधा देवी तथा शहीद लांस नायक ओसपाल सिंह की पत्नी ममता देवी शामिल रहीं।

इसके साथ ही कारगिल युद्ध के दौरान जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में दुश्मन से लोहा लेते हुए दिव्यांग हुए हवलदार मुकेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और बलिदानियों का देश सदैव ऋणी रहेगा। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीर नारियों और सैनिक परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिए प्रशस्ति पत्र

कार्यक्रम के दौरान राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और अन्य स्टाफ को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने युवाओं को राष्ट्र की ताकत बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्र-छात्राएं अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करें और अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग देश और समाज की सेवा में करें।

शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

इसके बाद प्रभारी मंत्री कासगंज रोड स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और अमर शहीदों एवं बलिदानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए लोगों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

पुलिस लाइन से निकली तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की कड़ी में प्रभारी मंत्री ने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों के साथ निकली रैली के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंज उठा।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रमों के दौरान जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, राजकीय स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह, उप जिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह, सीओ कृतिका सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने जहां शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाई, वहीं वीर नारियों और सैनिकों के सम्मान के माध्यम से नई पीढ़ी को देश सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का संदेश भी दिया।