जैथरा से लापता हुआ था किशोर, कोतवाली देहात क्षेत्र में मिला; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
एटा। जिले के जैथरा थाना क्षेत्र से बुधवार सुबह लापता हुआ 15 वर्षीय किशोर करीब 34 घंटे बाद गुरुवार शाम को कोतवाली देहात क्षेत्र के एक खेत में हाथ-पैर बंधी अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को मुक्त कराकर उपचार के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम सआदतनगर निवासी प्रियांशु (15) पुत्र जागेश्वर बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने जैथरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के ककरावली गांव के पास एक खेत में ग्रामीणों की नजर एक किशोर पर पड़ी, जिसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे थे तथा गले पर कपड़ा बंधा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी जमीन संबंधी रंजिश चल रही है और उसी के चलते किशोर का अपहरण किया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं की है।
किशोर के भाई सुरजीत ने बताया कि उनका भाई बुधवार सुबह घर से शौच के लिए निकला था और वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उन्होंने दावा किया कि किशोर हाथ-पैर बंधी अवस्था में मिला है और उसका उपचार चल रहा है। उनके अनुसार गांव के कुछ लोगों से पुराना भूमि विवाद चल रहा है।
वहीं, कोतवाली देहात थाना प्रभारी के.के. लोधी ने बताया कि किशोर जैथरा थाना क्षेत्र से लापता हुआ था और गुमशुदगी दर्ज है। उसे उनके थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply