एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र में झकरई भट्ठे के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छोटा हाथी (लोडर) चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने लोडर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक करीब 20 मिनट तक वाहन के स्टेयरिंग में फंसा रहा। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 पुलिस, कोतवाली अलीगंज पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल की पहचान लक्ष्मण (32) पुत्र राघवेंद्र, निवासी नगला कुंवारी, थाना नवाबगंज, जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है।


मैनपुरी से दिल्ली जा रहा था चालक


घायल लक्ष्मण ने बताया कि वह छोटा हाथी लेकर मैनपुरी से दिल्ली जा रहे थे। झकरई भट्ठे के पास पहुंचते ही अलीगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह स्टेयरिंग में फंस गए।

20 मिनट तक चला रेस्क्यू


हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उसे सीएचसी अलीगंज भेजा गया।


पुलिस ने शुरू की तलाश


कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज पहुंचाया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *