
एटा। कस्बा जैथरा स्थित श्री गांधी सार्वजनिक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जल बचाने का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के मुख्य द्वार से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राएं हाथों में जल संरक्षण संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर विद्यालय के सामने सड़क होते हुए जरारी रोड तक पहुंचे और पुनः विद्यालय परिसर में लौट आए। पूरे मार्ग में छात्र-छात्राएं जल संरक्षण के समर्थन में नारे लगाते रहे, जिससे राहगीरों का ध्यान भी इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित हुआ।
रैली में छात्रों के हाथों में लगी तख्तियों पर “जल है तो जीवन है”, “स्वच्छ जल, बेहतर कल”, “पानी अनमोल है, इसे व्यर्थ न खोएं” तथा “आज जल बचाओगे, तो कल जीवन पाओगे” जैसे प्रेरणादायक स्लोगन लिखे हुए थे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल प्रकृति का सबसे बहुमूल्य संसाधन है। यदि आज से ही जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी से जल का सदुपयोग करने और प्रत्येक बूंद बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद यादव, अरविंद कुमार यादव, अश्विनी कुमार, अग्रित पाठक, हरिकेश यादव, पवन यादव एवं समरपाल त्यागी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। रैली के समापन पर विद्यार्थियों ने जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।
Leave a Reply