मारपीट के बाद सीएचसी अलीगंज में कराया गया मेडिकल, जसरथपुर पुलिस जांच में जुटी, अभी तहरीर नहीं मिली
एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव पुलंजरा में शुक्रवार को शादी-विवाह कराने का कार्य करने वाले एक मीडियेटर और उसके बेटे पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में पिता-पुत्र घायल हो गए। सूचना मिलने पर जसरथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, गांव पुलंजरा निवासी रामनरेश पुत्र विजयपाल (72 वर्ष) गांव में शादी-विवाह कराने का कार्य करते हैं। बताया गया है कि उन्होंने कुछ समय पूर्व एक विवाह संपन्न कराया था। शुक्रवार को इसी से जुड़े किसी विवाद को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद कुछ लोगों ने उन पर और उनके 17 वर्षीय पुत्र दीपेंद्र पर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची जसरथपुर पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है।
थाना जसरथपुर के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। एक पक्ष के पिता और पुत्र घायल हुए हैं, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply