एटा। थाना मलावन क्षेत्र के ग्राम शोहार में शनिवार को नगरसेन पूजा के दौरान खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से तीन महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और किसी तरह महिलाओं को आग की चपेट से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सकीट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी नरेंद्र पुत्र बदन सिंह के घर नगरसेन पूजा का आयोजन चल रहा था। पूजा के लिए महिलाएं भोजन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव होने लगा और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग सिलेंडर तक पहुंच गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही क्षणों में स्थिति भयावह हो गई।

हादसे में रीना पत्नी नरेंद्र, सुनीता पत्नी बीरपाल और संगीता पत्नी शिवपाल गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
सीएचसी सकीट में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गैस सिलेंडर और पाइप के उपयोग में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply