एटा। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. की अध्यक्षता में सीमावर्ती जनपदों के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मार्ग, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और विभिन्न विभागों के समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक नगर फिरोजाबाद रवि शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेन्द्र सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।

एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ ट्रैफिक प्लान, रूट डायवर्जन और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया ताकि पूरी यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।

बैठक में पूर्व वर्षों की दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, कांवड़ियों के लिए एकल मार्ग व्यवस्था लागू करने, प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस सहायता शिविर और स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा शिविर एवं भंडारा संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने, पार्किंग स्थल, ट्रैफिक डायवर्जन प्वाइंट और होल्डिंग एरिया चिन्हित कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। जलाभिषेक वाले प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध पुलिस बल एवं संसाधनों का पूर्ण उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।

एसएसपी ने होटल, धर्मशाला, सराय और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, कांवड़ मार्ग पर लगातार पुलिस पेट्रोलिंग करने तथा आवश्यकता के अनुसार पीआरवी-112 वाहनों के रूट में बदलाव करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि समन्वित योजना और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के साथ इस वर्ष कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।