जल है तो कल है: विद्यार्थियों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प

एटा। जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा अलीगंज में गुरुवार को प्रार्थना सभा के दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा वर्तमान में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन अभियान से जुड़कर जल बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ। इसके बाद प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे जल का अनावश्यक उपयोग नहीं करेंगे, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देंगे, जल स्रोतों को स्वच्छ रखेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पानी बचाने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि इस समय देशभर में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘कैच द रेन’ जल शक्ति अभियान और वर्षा जल संचयन जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य वर्षा की प्रत्येक बूंद को सहेजना, भूजल स्तर को बढ़ाना तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यदि आज से ही जल बचाने की आदत विकसित कर ली जाए तो आने वाले समय में जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में जल संरक्षण के व्यावहारिक उपाय भी बताए। उन्होंने नल खुला न छोड़ने, रिसाव को तुरंत ठीक कराने, वर्षा जल संचयन अपनाने, अधिक से अधिक पौधरोपण करने, तालाबों और जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने तथा जल स्रोतों को प्रदूषित न करने का संदेश दिया। शिक्षकों ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने जल बचाने का संकल्प दोहराया और अपने घरों तथा गांवों में भी लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का वचन दिया।