पीएमएसएमए दिवस पर विशेषज्ञों ने की प्रसव पूर्व जांच, निशुल्क दवाएं वितरित कर सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए किया जागरूक

अलीगंज। गर्भवती महिलाओं और गर्भ में पल रहे शिशुओं को सुरक्षित मातृत्व उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। सुबह से ही अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चिकित्सकों की टीम ने एक-एक महिला का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया और संभावित जोखिम वाली गर्भवतियों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में लेने की प्रक्रिया शुरू की।

शिविर के दौरान महिलाओं का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, वजन और अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। जांच पूरी होने के बाद सभी महिलाओं को आयरन, कैल्शियम सहित आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं साथ ही गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित जांच, पर्याप्त आराम और समय पर टीकाकरण कराने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह चार निर्धारित तिथियों पर इस प्रकार के विशेष शिविर आयोजित किए जाते हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और अन्य जटिलताओं की समय रहते पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करना है। जिन महिलाओं में हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें अलग से चिन्हित कर लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाता है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए नियमित प्रसव पूर्व जांच बेहद आवश्यक है। कई बार गर्भावस्था की जटिलताएं शुरुआती चरण में दिखाई नहीं देतीं, लेकिन समय पर जांच होने से उनका उपचार संभव हो जाता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग लगातार गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहा है। डॉ. सर्वेश कुमार ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी परेशानी की स्थिति में घरेलू उपचार के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचें तथा निर्धारित तिथियों पर अपनी प्रसव पूर्व जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व केवल नियमित चिकित्सकीय देखभाल और संस्थागत प्रसव से ही संभव है। शिविर के सफल संचालन में डॉ. नीतू शाक्य, स्टाफ नर्स उमा राजपूत, सुनीता, राधा यादव, दिव्या, लैब टेक्नीशियन आकाश राजपूत, वार्ड आया पुष्पा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।