
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम मोर्चा में कोबरा सांप के डसने से चार वर्षीय मासूम बच्ची की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पुलिस, राजस्व विभाग और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे तथा दैवीय आपदा के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम मोर्चा निवासी अमित कुमार की चार वर्षीय पुत्री जानवी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने घर के बाहर चबूतरे पर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक एक जहरीला कोबरा सांप वहां पहुंचा और उसने बच्ची को डस लिया। बच्ची के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल एटा रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मासूम को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद परिजनों ने साहस दिखाते हुए कोबरा सांप को पकड़कर सुरक्षित कैद कर लिया और बाद में उसे सर्प मित्र के सुपुर्द कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस, नायब तहसीलदार सतीश कुमार तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल एटा भेज दिया। राजस्व विभाग द्वारा दैवीय आपदा के अंतर्गत जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच पूरी होने के बाद शासन की नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply