एटा। अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर लड़सिया गांव के पास अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में टूट गया, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर निवासी लड़सिया सुर्देश पुत्र तोक सिंह का था, जिसे नीरज पुत्र रघुवीर सिंह चला रहे थे। नीरज धान की रोपाई के लिए नगला किस्स गांव मजदूर लेने जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस (UP 78 JT 1571) से उसकी भिड़ंत हो गई।
हादसे में बस चालक नरेश पाल (40), निवासी डोटली, थाना सिकंदराराऊ, हाथरस को मामूली चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया। बस में सवार यात्रियों और ट्रैक्टर चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। इस तरह भीषण हादसे के बावजूद जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रैक्टर के तीन हिस्सों में टूटे होने और बस के अगले हिस्से के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एटा के एआरएम नरेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

Leave a Reply