
एटा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एटा पुलिस की ओर से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन में आयोजित इन यात्राओं का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना रहा।
तिरंगा यात्रा में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरे और लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिसकर्मियों ने आमजन से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। यात्रा के दौरान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
तिरंगा यात्रा जिन-जिन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, वहां लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह नगरवासियों ने पुलिस की तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के माहौल से जनपद का वातावरण स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में रंगा नजर आया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान केवल राष्ट्रध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और नागरिकों की राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से पुलिस ने आमजन को स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाने का संदेश दिया।
एटा पुलिस द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा महिला पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली।

Leave a Reply