
एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे दर्दनाक हादसे में स्कूल बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बच्ची स्कूल की छुट्टी के बाद बस से उतरकर अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक ने बस आगे बढ़ा दी और बच्ची बस के पहिए की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अवागढ़ क्षेत्र के नगला गलुआ निवासी विवेक मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी रूबी गृहणी हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा पिटू नौ वर्ष का है और दिव्यांग है। दूसरे नंबर पर पांच वर्षीय बेटी डिंपल थी, जबकि सबसे छोटी बेटी महज तीन माह की है। डिंपल एक निजी स्कूल में नर्सरी कक्षा में पढ़ती थी।
शनिवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद डिंपल बस से घर लौट रही थी। घर के पास बस से उतरने के बाद वह घर की ओर जाने लगी। इसी दौरान चालक ने बस आगे बढ़ा दी। बस के सामने से गुजर रही डिंपल अचानक बस की चपेट में आ गई और उसका पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल होकर बच्ची जमीन पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते करीब 60 से 70 ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मासूम का खून से लथपथ शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही चौकी वसुंधरा प्रभारी शिवा जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल स्कूल बस को कब्जे में ले लिया है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे की परिस्थितियों, बस चालक की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
अवागढ़ थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Leave a Reply