सांसद बोले- स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मियों की नहीं, हर नागरिक को निभानी होगी जिम्मेदारी

एटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को नगर पालिका परिषद अलीगंज में सफाई मित्र सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फर्रुखाबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद मुकेश राजपूत ने नगर पालिका में तैनात 25 सफाई मित्रों को सम्मानित किया। सफाई मित्रों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जमादार सुनील कुमार, सफाई नायक एवं सुपरवाइजर पवन, रामू, सागर, कमल, नरेश और अवनीश कुमार सहित कुल 25 सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। इस दौरान नगर पालिका के सफाई सुपरवाइजर रामचंद्र, मंजू, अरुण, पवन, सुनील, शिवा, माही, कुशमा, रामपाल, उमेश, राज और राजीव सहित अन्य सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे कार्यक्रम

सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अलीगंज नगर पालिका परिषद में सफाई मित्रों के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पिछली सरकारों के कार्यकाल में सफाई कर्मियों की उपेक्षा होती रही, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान और महत्व देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुंभ के दौरान भी प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मचारियों का सम्मान कर उनके योगदान को रेखांकित किया था।

स्वच्छता के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा

सांसद ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। लोग अपने घर के आंगन के साथ-साथ घर के बाहर और आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखने में सहयोग करें। जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव होगा।

अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास साफ-सफाई रखने की जिम्मेदारी निभाए तो पूरा देश स्वच्छ और सुंदर बन सकता है।

सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी का संदेश

कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। लोगों को प्लास्टिक की थैलियों के विकल्प के रूप में जूट के थैले वितरित किए गए। लोगों से बाजार में सामान लेने के दौरान प्लास्टिक की थैलियों के बजाय कपड़े या जूट के थैलों का इस्तेमाल करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अलीगंज की पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता उर्फ बॉबी, योग कृष्ण प्रताप सरल, सभासद सुभाष राजपूत, अभय प्रताप सिंह सहित अन्य सभासद, भाजपा कार्यकर्ता, पालिका प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।