
कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव कादरपुर में शनिवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे रिश्तेदार पर फायरिंग कर दी गई। शौचालय में पानी डालने को लेकर चल रहे विवाद में समझौता कराने के दौरान हुई फायरिंग में एक गोली रिश्तेदार के दाहिने कंधे में जा लगी। घायल को जिला अस्पताल कासगंज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा बरामद करने का दावा किया है।
शौचालय के पानी को लेकर हुआ था विवाद
कादरपुर निवासी सुमित (20) का अपने चाचा शैलेष से शौचालय में पानी डालने को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दिए बिना आपस में मामला शांत कर लिया था।
विवाद को पूरी तरह खत्म कराने के लिए दोपहर बाद जनपद एटा से दोनों पक्षों के रिश्तेदार गांव पहुंचे थे। इनमें रामनरेश (45) निवासी होरची, थाना निधौली कलां, जिला एटा भी शामिल थे। गांव में दोनों पक्षों के बीच पंचायत कराकर सुलह-समझौते का प्रयास किया जा रहा था।
समझौते के दौरान अचानक हुई फायरिंग
बताया गया कि इसी दौरान सुमित अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि सुमित के साथी अंकित निवासी गंगानगर, जिला एटा ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। गोली सुलह कराने पहुंचे रामनरेश के दाहिने कंधे में जा लगी। गोली लगते ही रामनरेश लहूलुहान होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों ने दो आरोपियों को दबोचा
फायरिंग के बाद भाग रहे अंकित और प्रियांशु (18) निवासी असरौली, कोतवाली देहात, जिला एटा को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया गया है।
सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सदर आंचल चौहान मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। पुलिस ने ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी सुमित और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक गांव में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की घटना में कितने लोग शामिल थे और विवाद के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply