स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए सख्त निर्देश

एटा। राजा का रामपुर।कस्बा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्साधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक निरीक्षण से स्वास्थ्यकर्मियों में सक्रियता दिखाई दी। उन्होंने मेले में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने ओपीडी में मरीजों के उपचार, चिकित्सकीय परामर्श, दवाओं की उपलब्धता सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मेले में आने वाले मरीजों की संख्या और उन्हें दी जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की खामी नहीं मिलने पर उन्होंने संतोष जताया।

सीएमओ राजेंद्र प्रसाद ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। मेले में आने वाले मरीजों की जांच और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

65 मरीजों का हुआ उपचार

रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में कुल 65 मरीजों का उपचार किया गया। मरीजों की चिकित्सकीय जांच करने के साथ उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया और जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

सीएमओ के निरीक्षण के दौरान डॉ. दीपांशु गुप्ता, फार्मासिस्ट आलोक कुमार, अभिषेक, निशा, मीरा, विजयपाल सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।