सकीट (एटा)। आगामी सावन मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना सकीट परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी मधु दुबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रा मार्गों की जानकारी लेते हुए सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे फैलाएं। यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें।

थाना प्रभारी ने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को समझाने की अपील करते हुए कहा कि वे कोई ऐसा कार्य न करें जिससे सामाजिक सौहार्द या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकती है।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी उमेश चंद्र अग्रवाल, ब्रह्म प्रकाश वार्ष्णेय, उमाशंकर राजपूत, अमित जैन, अजय गुप्ता, प्रदीप यादव, प्रधान जितेंद्र सिंह यादव, अनिल यादव, ओम किशन यादव, विनोद कुमार यादव, कमलेश कुमार, महमूद, सलीम अंसारी, राजेश सिंह, कुमारपाल, सत्येंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।