बीईओ कार्यालय अलीगंज से निकली रैली में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं हुए शामिल, ‘हर बच्चा स्कूल चले’ का किया आह्वान
एटा। प्रदेश सरकार के सर्व शिक्षा अभियान के तहत शनिवार को अलीगंज विकासखंड में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, अलीगंज से अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अलीगंज के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता ‘बॉबी’, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रैली को रवाना करने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। एक शिक्षित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विभाग लगातार अभियान चलाकर ऐसे बच्चों को चिन्हित कर विद्यालयों में प्रवेश दिला रहा है, जो अभी तक स्कूल नहीं पहुंच पाए हैं।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। यदि प्रत्येक बच्चा विद्यालय जाएगा तो उसका भविष्य उज्ज्वल होगा और वह देश व समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय से विद्यालयों में नामांकन कराएं तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुजीत गुप्ता ‘बॉबी’ ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई धन नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह शिक्षा के महत्व को समझे और अपने आसपास ऐसे परिवारों को प्रेरित करे, जिनके बच्चे अभी भी विद्यालय नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना केवल सरकार या शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत विकासखंड के सभी विद्यालयों में विशेष नामांकन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन, ड्रॉपआउट बच्चों की विद्यालयों में वापसी, नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि रैली के माध्यम से लोगों को शिक्षा के अधिकार, सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया गया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर “हर बच्चा स्कूल जाए”, “हर बच्चा पढ़े-हर बच्चा बढ़े”, “शिक्षा है जीवन का अधिकार”, “बेटा-बेटी एक समान, दोनों को दो उत्तम ज्ञान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली बीईओ कार्यालय से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकली और विभिन्न स्थानों पर लोगों को शिक्षा का महत्व समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों में संचालित योजनाओं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी भी साझा की। रैली का समापन पुनः बीईओ कार्यालय परिसर में हुआ, जहां सभी ने यह संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply