एटा। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक निर्देश पर संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को नगर राजा का रामपुर में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता, सामाजिक सौहार्द, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना तथा संत गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

अभियान के तहत नगर के पांच प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं समरसता संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक मंदिर पर पार्टी संगठन की ओर से अलग-अलग अतिथियों की तैनाती की गई, जिन्होंने श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना कर समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सत्यपाल सिंह राठौर एवं पूर्व चेयरमैन महावीर सिंह राठौर ने नगर के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वमंगल की कामना करते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन भर सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने, मानवता, समानता और प्रेम का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ लोगों को संतों और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और विकास की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा नेता अर्जुन सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष सोमेंद्र सिंह राठौर, अखिलेश सिंह राठौर, रामानन्द मिश्र, शिव कुमार शाक्य, प्रवीण भदौरिया, आशुतोष तिवारी, योगेश चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।