सकीट (एटा)। सकीट-औंछा मार्ग पर कस्बा सकीट के पीपल अड्डा के पास गुरुवार को बीच सड़क पर एक कार खराब हो जाने से करीब एक घंटे तक लंबा जाम लग गया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक सड़क के बीचों-बीच खराब हो गई। काफी प्रयास के बावजूद उसे चालू नहीं किया जा सका, जिसके चलते धीरे-धीरे वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मधु दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने खराब कार को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था संभाली और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सकीट-औंछा मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहने के कारण बीच सड़क पर वाहन खराब होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने ऐसे स्थानों पर यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की है।