कमरा अंदर से बंद था, सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

एटा। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 15 वर्षीय किशोरी का शव घर की छत पर बने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। किशोरी की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

गांव चंदनपुर निवासी भूरेलाल ने बताया कि सोमवार को वह घास लेने के लिए खेत पर गए थे। वहां से वापस लौटने के बाद उन्होंने खाना खाने के लिए पत्नी से कहा। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण उसे बुखार था। इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी रागिनी को आवाज लगाई, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

इस पर रागिनी की मां छत पर बने कमरे के पास पहुंचीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद जंगले से अंदर देखा तो रागिनी दुपट्टे के सहारे कमरे में बने कुंडे से लटकी हुई दिखाई दी। यह देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।

परिजनों के मुताबिक रागिनी तीन बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की थी। किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

थानाध्यक्ष रोहित राठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। किशोरी का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला और कमरा अंदर से बंद था। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की जांच की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है।