
सकीट। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंडल स्तरीय कलश वंदन यात्रा निकाली गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर राजपूत के नेतृत्व में निकली यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा का जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ बुद्धिगिरी मंदिर कबार से किया गया। इसके बाद यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए भस्मासुर मंदिर सकीट, अंबेडकर पार्क कुल्ला हवीवपुर, सिद्धेश्वर मंदिर इशारा आदि स्थानों पर पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। यात्रा ग्राम भगवंतपुर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंची, जहां कलश वंदन यात्रा का विधिवत समापन किया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पार्टी के देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास उच्च कोटि के आध्यात्मिक पुरुष, समाज सुधारक और महान भक्त थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानवता, समानता और ईश्वर भक्ति के प्रचार-प्रसार में समर्पित किया। उनकी वाणी और रचनाओं में जात-पात तथा भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को सर्वोच्च मानने का संदेश मिलता है। उनके विचार आज भी समाज को एकता, भाईचारे और समरसता की राह दिखाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलश वंदन यात्रा के माध्यम से भी समाज में आपसी भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया। यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अमर राजपूत, प्रदीप, उमाशंकर राजपूत, संदीप दिवाकर, वोवी श्रीवास्तव, वकील अंसारी सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Leave a Reply