
एटा। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह स्वयं कांवड़ यात्रा मार्गों का लगातार स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। उनके निर्देशन में सभी संबंधित विभागों द्वारा यात्रा मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लोक निर्माण विभाग (PWD) को यात्रा मार्गों पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत, पेचवर्क, सड़क पटरी की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई का कार्य सौंपा गया है। विभाग तेजी से इन कार्यों को पूरा करने में जुटा है, जिससे कांवड़ियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
वहीं नगर निकायों द्वारा यात्रा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, जल निकासी और व्यापक साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा विद्युत विभाग भी सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरत रहा है। विभाग द्वारा बिजली के पोलों को पॉलीथीन से रैप किया जा रहा है तथा ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाकर उन्हें भी सुरक्षित ढका जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका न रहे।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या अकर्मण्यता पाई गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ यात्रा-2026 को पूरी सुरक्षा, सुगमता और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था समय से पूरी करें, जिससे जनपद से होकर गुजरने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply