एटा। भारतीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में रविवार को नगर के मैन मार्केट स्थित माहौर वैश्य धर्मशाला में वैश्य सम्मेलन, सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार, महिला एवं युवा सहभागिता तथा सामाजिक-राजनीतिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और मजबूत संगठन है। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़कर नई पीढ़ी को नेतृत्व के लिए तैयार करने का आह्वान किया। महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष नीता वार्ष्णेय ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम के आयोजक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को सामाजिक कार्यों के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने समाज के लोगों से संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत गुप्ता ने संगठन की नीतियों पर प्रकाश डालते हुए गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। सम्मेलन में माहौर वैश्य धर्मशाला से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई तथा समाज की संपत्तियों के संरक्षण और आपसी विवादों का समाधान संवाद एवं सहमति के माध्यम से करने की बात कही गई।

जिला अध्यक्ष चीना गुप्ता ने महिलाओं से संगठन से जुड़कर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर धुमरी निवासी कमलेश गुप्ता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया। वहीं अलीगंज नगर इकाई में नीता गुप्ता को नगर अध्यक्ष और कल्पना अग्रवाल को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा राजा का रामपुर, सराय, धुमरी एवं जैथरा की नई कार्यकारिणियों का भी गठन किया गया।

समारोह के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समाज की एकता, संगठन की मजबूती तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में वीरेंद्र कुमार वार्ष्णेय, संजीव कुमार वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, मीरा वार्ष्णेय, बंटी बाबू वार्ष्णेय, राकेश कुमार गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं वैश्य समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, संगठन विस्तार तथा महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।