
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग कराएगा मंदिर परिसर का विकास एवं सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
अलीगंज/एटा। विकासखंड अलीगंज के ग्राम खरसुलिया स्थित क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्था केंद्र विश्वनाथ धाम मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण को बड़ी सौगात मिली है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा 96 लाख 44 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत विकास परियोजना का गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण कर विकास कार्यों का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि तथा मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां स्वीकृत परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की इस परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न निर्माण कार्य कराए जाएंगे। परियोजना के पूरा होने के बाद विश्वनाथ धाम को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने विकास कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से मंदिर परिसर के विकास की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण होने के बाद विश्वनाथ धाम क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

Leave a Reply