मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत 9.76 करोड़ रुपये के नवनिर्माण कार्य होंगे, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा आवागमन का लाभ
एटा। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क निर्माण से जुड़ी बड़ी सौगात मिली है। विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री ग्राम योजना के तहत क्षेत्र में पांच संपर्क मार्गों के नवनिर्माण कार्यों को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों पर करीब 9.76 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई है।
स्वीकृत कार्यों के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा और आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। स्वीकृत प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं—
- जवाहरनगर पुरसारी संपर्क मार्ग
धुमरी-पटियाली मार्ग के किलोमीटर 11 से दाईं ओर जवाहरनगर पुरसारी तक 1.650 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 1.81 करोड़ रुपये है। - अल्लाहपुर होते हुए वरना तक सड़क
तरगवां-वीरपुरा मार्ग से अल्लाहपुर होते हुए वरना तक 2.600 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण होगा। इस कार्य पर 2.07 करोड़ रुपये खर्च होंगे। - दतौली संपर्क मार्ग
परौली-बिछंद मार्ग से दतौली तक 3.500 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। इसकी लागत 2.64 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। - बिल्सड मंदिर से चंदनपुर मार्ग
बिल्सड-राजा का रामपुर मार्ग से बिल्सड मंदिर होते हुए चंदनपुर तक 1.150 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का निर्माण होगा। इस पर 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। - नगला सावा से गड़िया तक संपर्क मार्ग
ग्राम नगला सावा से ग्राम गड़िया तक 1.700 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। इस कार्य की लागत 1.84 करोड़ रुपये है।
इन पांचों परियोजनाओं से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही गांवों को आसपास के प्रमुख मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Leave a Reply