
एटा। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में खुद को विधायक का फर्जी जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) बताकर पुलिस जांच को प्रभावित करने का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सरदीप पुत्र बहोरी सिंह, निवासी नगला गजपति, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। सरदीप ने स्कूल मैनेजमेंट से जुड़े एक मामले (अपराध संख्या 6/26) में आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि वह इसी मुकदमे की विवेचना अपने पक्ष में कराने के लिए पुलिस अधिकारियों पर दबाव बना रहा था।
जांच में सामने आया कि सरदीप ने खुद को गौतम बुद्ध नगर के एक विधायक का पीआरओ बताकर पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। आरोप है कि उसने 28 जुलाई को जैथरा थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा के सीयूजी नंबर पर कॉल की। इसके अलावा उसी दिन सुबह लगभग 10 बजे पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के सरकारी नंबर तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सीयूजी नंबर पर भी फोन कर विवेचना को प्रभावित करने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि सरदीप किसी विधायक का पीआरओ नहीं है। वह नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत है और उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर लोक सेवकों पर प्रभाव डालने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply