
जैथरा के परौली में हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
एटा। थाना जैथरा क्षेत्र के परौली में रविवार को रोडवेज बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक टेंपो एटा की ओर से जैथरा जा रहा था। जैसे ही वह परौली क्षेत्र में पहुंचा, तभी अलीगंज की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही जैथरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा के चिकित्सक डॉ. सुलेमान ने बताया कि दुर्घटना में सात लोग घायल हुए हैं। घायलों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
घायलों में पुरसारी निवासी सताना (35) पत्नी जुगेंद्र सिंह, कृष्णा (8) पुत्र जुगेंद्र सिंह, सर्रा निवासी रेखा देवी (60) पत्नी सुरेंद्र सिंह, नगला चंदन निवासी नंदकिशोर (45) तथा फागनोल निवासी चंद्रपाल पुत्र द्वारका प्रसाद शामिल हैं। हादसे में घायल दो अन्य लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
थाना प्रभारी जैथरा सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि रोडवेज बस और टेंपो की टक्कर की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी। घायलों को जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पांच घायलों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Leave a Reply