
पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा रखा, मंच से लेकर दर्शक व्यवस्था तक पर हुआ मंथन
एटा। श्री रामलीला प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले श्री रामलीला महोत्सव-2026 को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को श्री रामलीला मंच, अलीगंज पर कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। इसमें रामलीला महोत्सव को बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सबसे पहले वर्ष 2025 के रामलीला महोत्सव के आय-व्यय का ब्यौरा कार्यकारिणी सदस्यों के सामने रखा गया। समिति की ओर से आय और खर्च का विवरण पढ़कर सुनाया गया, जिस पर सदस्यों ने चर्चा की। साथ ही पिछले आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आगामी महोत्सव में आवश्यक सुधार करने पर विचार किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि अलीगंज की रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा से भी जुड़ी हुई है। इसलिए वर्ष 2026 के आयोजन को पहले से बेहतर और भव्य बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मिलकर काम करना होगा।
बैठक में रामलीला मंच, कार्यक्रम स्थल, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर सदस्यों ने सुझाव दिए। आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
समिति ने तय किया कि आगामी बैठकों में रामलीला महोत्सव के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सौंपी जाएगी, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
बैठक में कार्यकारिणी अध्यक्ष विनोद आर्या, राकेश सवर्णकार, राजेश जैन, दीपू गुप्ता, सुनील गुप्ता और मुन्ना बाबू गुप्ता समेत समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply