मां के साथ ननिहाल आया था गुलशन, मड़िया चौराहे के पास खेलते समय हुआ हादसा; चालक कार समेत फरार, सीसीटीवी से तलाश में जुटी पुलिस

एटा। राजा का रामपुर कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मड़िया चौराहे के पास खेल रहे करीब एक वर्ष के मासूम को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला पहिया मासूम के सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पुलिस तत्काल सीएचसी अलीगंज लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ननिहाल में मां के साथ आया था मासूम

मृतक मासूम की पहचान गुलशन पुत्र विशाल, उम्र करीब एक वर्ष, निवासी मुरासक कन्हैया, थाना मोहम्मदाबाद के रूप में हुई है। बताया गया कि गुलशन अपनी मां हिना के साथ अपने ननिहाल कस्बे के मोहल्ला मालियान निवासी जगदीश के घर आया था।

परिजनों के अनुसार मंगलवार को गुलशन मड़िया चौराहे के पास खेल रहा था। उसकी मां हिना पास में लोहे पीटने का काम कर रही थी। परिवार के अन्य लोग भी अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी और मासूम उसकी चपेट में आ गया।

टक्कर के बाद सिर के ऊपर से गुजरा पहिया

मृतक के मामा जितेंद्र ने बताया कि मड़िया चौराहे की ओर से थाना की तरफ जा रही चार पहिया कार ने खेल रहे गुलशन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार का अगला पहिया मासूम के सिर के ऊपर से गुजर गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में राजा का रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मासूम को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले गई।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

सीएचसी अलीगंज में चिकित्सकों ने मासूम की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने गुलशन को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मां हिना अपने बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। अस्पताल में वह बार-बार बेटे को पुकारकर बिलखती रही। परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटने से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।

हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मासूम की मौत से परिवार में पसरा मातम

जिस घर में मासूम गुलशन के आने से खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। हादसे ने परिवार को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसे भुला पाना परिजनों के लिए आसान नहीं होगा। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।