एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के जसरथपुर रोड स्थित राजगुरु ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के कक्ष संख्या-1 में कैंटीन संचालक गिरीश चंद्र गुप्ता (55) का शव पंखे से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या और लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जबकि स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गिरीश चंद्र गुप्ता मूल रूप से मोहल्ला नजफअली के निवासी थे और पिछले करीब चार वर्षों से अलीगंज के कोट रोड स्थित एक प्लॉट में परिवार के साथ रह रहे थे। वह स्कूल परिसर में कैंटीन संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और दो बेटे हैं।

सुबह स्कूल के लिए निकले, कुछ देर बाद मिली मौत की खबर

परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे गिरीश चंद्र गुप्ता घर से स्कूल के लिए निकले थे। बताया गया कि उस समय स्कूल का साइड गेट खुला हुआ था। करीब एक घंटे बाद परिवार को फोन कर सूचना दी गई कि उनका शव स्कूल परिसर के एक कमरे में फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

बहू बोली- सामान फेंकने के बाद से थे परेशान

मृतक की बहू संजना ने आरोप लगाया कि उनके ससुर स्कूल में कैंटीन चलाते थे, लेकिन कुछ समय पहले स्कूल प्रबंधन से उनका विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले स्कूल प्रबंधन ने उनके ससुर का सामान भी बाहर फेंक दिया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल की ओर से फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई।

भतीजी का आरोप- चाचा की हत्या कर शव लटकाया गया

मृतक की भतीजी सुमन ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि उनके चाचा की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। उनका कहना है कि घटना के काफी देर बाद परिवार को सूचना दी गई और स्कूल प्रबंधन काफी समय से उनके चाचा को परेशान कर रहा था। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार

राजगुरु ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मंजूरूल हसन ने परिजनों के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि स्कूल परिसर में एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। उस समय स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। सूचना मिलने पर वह दीवार फांदकर अंदर पहुंचे, जहां कक्ष संख्या-1 में गिरीश चंद्र गुप्ता का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन जांच में पूरा सहयोग कर रहा है और सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना पर कोतवाली अलीगंज पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए।

प्रभारी निरीक्षक बोले- हर पहलू की हो रही जांच

प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि अभी तक थाना स्तर पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा और पुलिस निष्पक्ष तरीके से पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।