एटा। लोक माता अहिल्याबाई होलकर राजकीय महिला महाविद्यालय, भरापुरा अलीगंज में रविवार को नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में करीब 20 छात्राओं ने भाग लेते हुए नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपांकर सिंह ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं की प्रतिभा, शिक्षा, अनुशासन और भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और परिश्रम को सफलता का मूल आधार बताते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के नोडल प्रभारी डॉ. अभिनव द्विवेदी ने छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित करने के साथ पारिवारिक संबंधों और सामाजिक वातावरण को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सकारात्मक सोच के माध्यम से नशे जैसी सामाजिक चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशीले पदार्थों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगी और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कनिष्ठ सहायक बिजेंद्र यादव तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारी आकाश कुमार, अभिषेक यादव, संजीव शर्मा और अनुराग यादव का विशेष सहयोग रहा।
Leave a Reply