कुत्ता-बंदर काटने के 60 मरीजों को लगी एंटी रेबीज वैक्सीन, वायरल बुखार व आंखों के मरीजों की भी बढ़ी संख्या

अलीगंज (एटा)। बदलते मौसम का असर अब लोगों के साथ बंदर और कुत्तों पर पड़ने लगा है। इससे बंदर और कुत्ते हिंसक हो गए है। जो अब लोगों को काट रहे है। स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। आज अस्पताल में 60 लोगों रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी में कुल 379 मरीजों का उपचार किया गया। चिकित्सकों ने सभी मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया और निशुल्क दवाइयां वितरित कीं।

अस्पताल में सबसे अधिक संख्या सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार, आंखों के संक्रमण तथा कुत्ता एवं बंदर के काटने के मामलों की रही। दिनभर में करीब 60 मरीज कुत्ता या बंदर के काटने की शिकायत लेकर पहुंचे, जिन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के बाद एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाई गई।

वहीं बड़ी संख्या में मरीज आंखों में जलन, पानी आने (कंजंक्टिवाइटिस/आई फ्लू) तथा मोतियाबिंद की शिकायत लेकर भी अस्पताल पहुंचे। नेत्र परीक्षण के बाद उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, जबकि जरूरतमंद मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए रेफर अथवा परामर्श दिया गया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बदलते मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करें तथा बुखार, खांसी, जुकाम या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें। साथ ही यदि कुत्ता या बंदर काट ले तो बिना किसी देरी के तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन अवश्य लगवाएं, ताकि संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।