एटा। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र के ग्राम अचलपुर में खेतों में घास चर रही एक पालतू गर्भवती गाय के कटान का मामला सामने आया है। गोपालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात नामजद एवं एक अज्ञात आरोपी के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता विकेश यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार देर शाम उनकी चार माह की गर्भवती पालतू गाय खेत में घास चर रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। उन्हें गांव के कुछ लोगों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उनसे गाय के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि आरोपियों ने गाय खोजकर वापस करने की बात कही।

रविवार देर शाम पुलिस के साथ संदिग्ध के घर पहुंचकर तलाशी ली गई। शिकायत के अनुसार, वहां प्लास्टिक के क्रेट में गाय के कटे हुए अवशेष मिले, जबकि कुछ अवशेष दूसरे स्थान पर भी बरामद हुए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई।

आरोप है कि पुलिस को देखकर एक आरोपी छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने विकेश यादव की तहरीर पर सोहिल पुत्र शरीफ, तौसीन पुत्र चमन मियां, चांद मियां पुत्र चमन मियां, जहीर, मुशीर, परवेज, लियाकत तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बरामद अवशेषों को परीक्षण के लिए भेजने सहित अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।