
मारहरा (एटा)। क्षेत्र के गांव भावन नगर स्थित किसान पब्लिक स्कूल में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से विशाल पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमर सिंह लोधी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री मानपाल सिंह वर्मा मौजूद रहे।
अध्यक्षता करते हुए अमर सिंह लोधी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मजबूत स्थिति में होगी। उन्होंने दावा किया कि लोधी समाज पूरी मजबूती के साथ सपा के साथ खड़ा है और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया गया है।
सपा जिलाध्यक्ष परवेज़ ज़ुबैरी ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार दलितों, पिछड़ों, शोषितों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने सरकारी भर्तियों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है।
मारहरा के पूर्व विधायक अमित गौरव यादव “टीटू” ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने जंतर-मंतर पर बच्चों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए सरकार की आलोचना की।
कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह (कासगंज), पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल यादव, भूपेंद्र प्रजापति, अभिनेता राकेश राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष वीरपाल सिंह लोधी, रामसेवक लोधी पहलवान, हिमालय सिंह लोधी, गिरीश यादव, महिला सभा की जिलाध्यक्ष पुष्पलता, विजय सिंह यादव सहित कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी रही, जिसमें लोधी समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली।

Leave a Reply