एटा। मारहरा ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा के कथित वायरल वीडियो को लेकर सोमवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एटा के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वायरल वीडियो की सत्यता की वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें। उन्होंने मांग की कि जांच पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से कराई जाए तथा यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि किसी भी वर्ग के खिलाफ इस प्रकार की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं तो इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो ब्राह्मण समाज शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

इस दौरान सर्वेश उपाध्याय, सोनी वशिष्ठ, अशोक पाण्डेय, अतुल मिश्रा, मोहित पाठक, चंदन शर्मा, कौशल पाण्डेय, हरेन्द्र मोहन सारस्वत, मनोज भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।