
एटा। विकास खंड सकीट कार्यालय में सोमवार दोपहर मानदेय फीडिंग के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ग्राम रोजगार सेवक पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। बीडीओ ने मामले में सकीट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बीडीओ उमेश चंद्र अग्रवाल के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे कुछ ग्राम रोजगार सेवक अप्रैल, मई और जून 2026 के मानदेय की फीडिंग कराने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान सभी को बताया गया कि मानदेय का भुगतान और फीडिंग नियमानुसार की जाएगी।
आरोप है कि इसी दौरान ग्राम रोजगार सेवक मनोज कुमार निवासी रामनगर रिजोर ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर सरकारी कार्य में बाधा डालने लगा। विरोध करने पर उसने कार्यालय में रखी कुर्सी उठाकर बीडीओ के सिर पर मार दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के समय कार्यालय में लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता कविंद्र आर्य, एपीओ मनरेगा अमरदीप तिवारी, एडीओ आरडी गिरीश कुमार, प्रभारी एडीओ पंचायत नवनीत सिंह, एडीओ समाज कल्याण प्रांशु वर्मा, लेखाकार आयुष सिंह, सहायक लेखाकार रजनेश कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर जीशान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
बीडीओ ने आरोपी ग्राम रोजगार सेवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी देने के आरोप में सकीट थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Sare fasad ki jad apo hi hota hai