एटा। कस्बा राजा का रामपुर के मोहल्ला मालियान स्थित देवस्थान के पास पापड़ी का ठेला लेकर जा रहे एक युवक द्वारा बंदर पर पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है। पत्थर बंदर के सिर पर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार कच्छपुरा निवासी रुखसाद पुत्र सुल्तान पापड़ी का ठेला लेकर जा रहा था। इसी दौरान पापड़ी को बंदर से बचाने के उद्देश्य से उसने बंदर की ओर पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे बंदर के सिर पर लगा, जिससे वह घायल होकर तड़पने लगा।

घटना देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बंदर को उपचार के लिए अलीगंज ले गए। वहां पशु चिकित्सक ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद बंदर की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

इस मामले में रायपुर निवासी विनोद पुत्र राम अवतार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बंदर को पत्थर मारने की घटना की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।