
दो लाइसेंस पर 1,000 किलो भंडारण की अनुमति, जांच में मिला 3,747.13 किलो विस्फोटक सामग्री का स्टॉक

प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई
एटा। जनपद में पटाखा निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन और संभावित विस्फोट की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन ने सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को सहावर रोड स्थित श्याम जी पटाखा गोदाम में निर्धारित मानक से कई गुना अधिक विस्फोटक सामग्री मिलने पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोदाम को सीज कर दिया।
एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में हुई चेकिंग
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर श्वेता सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कृतिका सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, अग्निशमन विभाग और थाना कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सहावर रोड स्थित गोदाम का निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान गोदाम में सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों के विपरीत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडारण पाया गया।
1,000 किलो की अनुमति, मिला 3,747 किलो से अधिक स्टॉक
जांच में सामने आया कि गोदाम संचालक रामकुमार गुप्ता, निवासी शिवपुरी, थाना कोतवाली नगर एटा को दो अलग-अलग लाइसेंसों के माध्यम से 500-500 किलोग्राम, यानी कुल 1,000 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री के भंडारण की अनुमति प्राप्त थी।
लेकिन संयुक्त टीम की जांच में मौके पर कुल 3,747.13 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का भंडारण मिला। यानी अनुमति की निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पटाखा एवं विस्फोटक सामग्री गोदाम में रखी हुई थी।
गोदाम सीज, वैधानिक कार्रवाई शुरू
अनुमत सीमा से अत्यधिक मात्रा में विस्फोटक सामग्री पाए जाने पर संयुक्त टीम ने गोदाम के विरुद्ध सीजर की कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में पटाखा निर्माण एवं भंडारण से जुड़े सभी लाइसेंसधारकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का पूर्ण रूप से पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पटाखा निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर चेकिंग अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply