एटा। जनपद के राजा का रामपुर कस्बा के पश्चिमी जाटवान स्थित गमा देवी मंदिर के पास में बुधवार देर रात करीब 10 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। रानू पुत्र कुंवर पाल निवासी मोहल्ला पश्चिमी जाटवान सड़क पर टहल रहा था। तभी मंदिर के पास चार पहिया अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से रानू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल को संभालते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। डायल 108 एंबुलेंस के पहुंचने के बाद घायल रानू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत का परीक्षण कर प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों के चलते चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद घायल के परिजनों में चिंता का माहौल है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल
Share
Leave a Reply